Location: Meral
Writing
मेराल (गढ़वा): प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। बुधवार की सुबह से ही चौक-चौराहों और टोला-मोहल्लों में बच्चों की टोलियां पिचकारी से एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाते नजर आईं।
अधिकांश घरों में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-पाठ के बाद घरों में बने पुआ, पकवान और विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेते हुए होली खेलने का दौर शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। लोग अलग-अलग टोलियों में एक-दूसरे के घर जाकर रंग-अबीर लगाते और मिठाई व पकवान खिलाकर होली की बधाई देते रहे।
इसके अलावा कई स्थानों पर डीजे साउंड तथा ढोलक, झाल और मंजीरा की धुन पर पारंपरिक होली गीतों का आनंद लेते हुए लोग कपड़ा फाड़ होली और रंगों से सराबोर होकर मस्ती में झूमते नजर आए।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेराल थाना परिसर की होली खास रही। यहां रंग-अबीर, पारंपरिक होली गीतों और पारंपरिक व्यंजनों के साथ लोगों ने जमकर होली का आनंद उठाया।
होली पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मेराल प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक के निर्देशन में थाना प्रभारी विष्णु कांत के नेतृत्व में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी प्रकार की घटना या दुर्घटना से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में तैनात रहा।
होली के दिन बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिली। किराना दुकानों, रंग-अबीर की दुकानों के साथ-साथ मीट और मुर्गा की दुकानों पर भी लोगों की काफी भीड़ नजर आई और जमकर खरीदारी की गई।











