Location: Meral
मेराल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन तथा मुखिया रामसागर महतो ने दीप प्रज्वलित कर और 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया।
इस अवसर पर सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने तथा अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने की अपील की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सा कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्य सहियाओं एवं अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और घर-घर जाकर सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत “दो बूंद जिंदगी की” के संदेश के साथ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। अभियान के पहले दिन प्रखंड के 197 बूथों पर लगभग 64 प्रतिशत लक्षित बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।
विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन एवं मुखिया रामसागर महतो ने भी लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि “एक भी बच्चा छूटा तो अभियान टूटा”। इसलिए 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
कार्यक्रम में प्रधान सहायक विजय कुमार, बीपीएम चंचल कुमार, मंटू कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं अभियान से जुड़े अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।












