Location: Meral
मेराल : सावन पूर्णिमा के अवसर पर थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, हवन और आरती कर क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की गई। इस मौके पर महाभंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आचार्य पंडित दिनेश पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूजन और रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मुख्य यजमान के रूप में थाना प्रभारी विष्णु कांत, संजय प्रसाद सहित कई लोग शामिल रहे।
इस अवसर पर एसडीएम, एसडीपीओ, बीडीओ सहित कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर प्रखंडवासियों को सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। थाना परिसर में बहनों ने पुलिसकर्मियों को राखी भी बांधी। थाना में प्रतिवर्ष रुद्राभिषेक और भंडारा आयोजित किया जाता है, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन और सुख-शांति बनी रहे।
भंडारे का शुभारंभ थाना प्रभारी विष्णु कांत और अजय प्रसाद गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के बाद थाना के दो चौकीदारों—दुलदुलवा पंचायत के जगदीश पासवान और तीसराटैटूका पंचायत के बुद्धि नारायण राम—को कार्यकाल पूरा होने पर सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित विदाई दी गई।
भंडारे में एसडीएम संजय कुमार पांडे, प्रभारी बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक, एसडीपीओ नीरज कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, डॉ. अनिल साह, मुखिया रामसागर महतो, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, पूर्व जिप सदस्य संजय भगत, वीरेंद्र प्रसाद, गढ़वा एजीएम चंद्रदेव तिवारी, दशरथ प्रसाद, सूर्य प्रकाश उर्फ सुड्डू, नवीन जायसवाल, उदय कुमार कुशवाहा, रुपू महतो, मनोज जायसवाल, डॉ. लाल बहादुर साह, मदन प्रसाद, जहूर रंगसाज सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।











