Location: Garhwa
गढ़वा। आगामी मुहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस केंद्र गढ़वा स्थित परेड ग्राउंड में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर आयोजित इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र गढ़वा संदीप कुमार ने किया।
मॉक ड्रिल के दौरान बलवा नियंत्रण, दंगाइयों पर काबू पाने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया गया। इस दौरान गढ़वा, रंका एवं श्री बंशीधर नगर अनुमंडल में तैनात क्यूआरटी टीम, आईआरबी की टीजी दस्ता तथा जिला सशस्त्र बल के जवानों ने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य मुहर्रम के दौरान संभावित अफवाहों, भीड़भाड़ तथा किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित करना था। मॉक ड्रिल के माध्यम से जवानों को विभिन्न परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस अवसर पर परिचारी प्रवर संदीप कुमार ने जवानों को मुहर्रम पर्व के दौरान पूरी सतर्कता और सजगता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखें तथा तत्काल वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान परिचारी सतपाल सिंह एवं सहायक अवर निरीक्षक दधिबल सिंह भी उपस्थित रहे और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। गढ़वा पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।











