Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। कांडी थाना क्षेत्र में मुहर्रम पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च अंचल अधिकारी राकेश सहाय के नेतृत्व में और थाना प्रभारी अविनाश राज की उपस्थिति में थाना परिसर से शुरू होकर ब्लॉक, बाजार होते हुए पेट्रोल पंप चौक तक गया और वहां से पुनः थाना परिसर लौटकर संपन्न हुआ।
थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि मुहर्रम का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए, इसके लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। थाना क्षेत्र के 16 विभिन्न स्थानों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे, जिन पर पुलिस की निगरानी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहें और ऐसी कोई भी सूचना पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराएं।
फ्लैग मार्च में एसआई विद्यासागर प्रसाद, जूली टुड्डू, रौशन राम, एएसआई रघुवंश महतो, अरुण पासवान, विनय मांझी, आशीर्वाद महतो, निरंजन पासवान समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।











