Location: सगमा
सगमा, गढ़वा।
सगमा प्रखंड के सोनडीहा पंचायत अंतर्गत कलमा गांव में मनरेगा योजना के तहत डोभा निर्माण कार्य में जेसीबी मशीन के उपयोग का मामला सामने आया है। रात्रि के समय जेसीबी मशीन से खुदाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
वायरल वीडियो की जांच लोकपाल सुशील कुमार तिवारी द्वारा की गई। जांच के दौरान स्थल निरीक्षण में यह स्पष्ट पुष्टि हुई कि मजदूरों के स्थान पर जेसीबी मशीन से डोभा की खुदाई की गई है, जो मनरेगा नियमों का उल्लंघन है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर बीपीओ कुमार अभय द्वारा धुरकी थाना में अज्ञात जेसीबी मशीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
इस संबंध में कनीय अभियंता अविनाश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने से पूर्व संबंधित योजना का भुगतान किया जा चुका था, लेकिन जेसीबी मशीन के उपयोग के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद आगे के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। साथ ही मामले में मेठ उमेश यादव को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर योजना को बंद कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा कार्यों में मशीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।