Location: Manjhiaon
मझिआंव, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के बकोईया गांव निवासी मझिआंव थाना के चौकिदार मथुरा पासवान पर लक्ष्मी पूजा के दिन शराबियों ने हमला कर दिया। घटना के संबंध में चौकिदार ने थाना में लिखित आवेदन दिया, परंतु आठ दिन बीत जाने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
चौकिदार मथुरा पासवान ने आवेदन में लिखा है कि लक्ष्मी पूजा के दिन मूर्ति विसर्जन के दौरान वे थाना के निर्देशानुसार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान गांव के अवधेश चौधरी, देवव्रत चौधरी, अक्षय चौधरी, राजू चौधरी, आयुष चौधरी और रामा चौधरी के दामाद बबलू चौधरी शराब पी रहे थे। उन्हें मना करने पर सभी ने मिलकर गाली-गलौज की और मारपीट की।
पीड़ित चौकिदार ने बताया कि आठ दिन से आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से वे अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब एक थाना चौकिदार को न्याय नहीं मिल पा रहा, तो आम जनता को कैसे मिलेगा।
थाना प्रभारी का बयान:
मझिआंव थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने बताया कि आवेदन मिला था, परंतु उसमें विवरण ठीक से नहीं लिखा गया था, जिसके कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि चौकिदार को पुनः थाना बुलाकर मामला दर्ज किया जाएगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












