Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)।
मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में गुरुवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। मझिआंव थाना परिसर में बैठक की अध्यक्षता पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने की, जबकि बरडीहा थाना परिसर में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में विद्यालयों के शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व सदस्य, सरस्वती पूजा समिति के सदस्य, डीजे-टेंट संचालक, व्यवसायी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में दोनों प्रखंडों के सभी व्यवसायियों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी-अपनी दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरा, कैमरे का स्टोरेज एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि चोरी या आपराधिक घटनाओं की स्थिति में पुलिस को कार्रवाई करने में सुविधा हो सके। इस दौरान मझिआंव के व्यवसायियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की मांग की। साथ ही बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की मांग की गई, जिससे बाहर से आने वाले चोर-पॉकेटमारों पर रोक लगाई जा सके।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं सरस्वती पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया गया कि शुक्रवार को बसंत पंचमी के दिन शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराएं। वहीं शनिवार को मूर्ति विसर्जन सभी अपने-अपने जलाशयों में शाम 5 बजे से पहले करने का निर्देश दिया गया। पुलिस इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया जाए और रात में किसी भी बच्चे को पूजा स्थल पर न रहने दिया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह एवं ओमप्रकाश टोप्पो ने न्यायालय के निर्देशानुसार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी हालत में डीजे नहीं बजाया जाएगा। साथ ही बच्चों को अभिभावकों के साथ ही मूर्ति विसर्जन में शामिल होने और गहरे पानी से दूर रहने के निर्देश दिए गए। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने भी पूजा समितियों एवं शिक्षकों से अपील की कि बच्चों को गहरे पानी में न जाने दें और अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।
इस दौरान पूजा समितियों ने कोयल नदी तट पर मूर्ति विसर्जन के समय प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी, जिस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने पहल करते हुए लाइट की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में जिप सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह, मुखिया अख्तर खां, मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार पासवान, एसआई मृत्युंजय कुमार राय, चंदन प्रधान, संजय मुंडा, हेडमास्टर विजय कुमार सिंह, परमेंद्र कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह, चंदन कुमार, मंटू मेहता, उमेश मिश्रा, धर्मेंद्र राम, गणेश राम, लव कुमार पांडेय, महेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी, पूजा समिति सदस्य, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, टेंट-डीजे संचालक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।











