Location: Manjhiaon
निबंधन कार्यालय की त्रुटियों के कारण खारिज हो रहे म्यूटेशन, दो वर्षों से जारी है समस्या
मझिआंव (प्रतिनिधि)। मझिआंव अंचल कार्यालय में म्यूटेशन प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियों के कारण भू-मालिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रजिस्ट्री के बाद जब जमीन मालिक अंचल कार्यालय में म्यूटेशन के लिए आवेदन दे रहे हैं, तो ऑनलाइन सिस्टम में गांव का नाम गलत दिख रहा है, जिससे उनका म्यूटेशन निरस्त कर दिया जा रहा है।
भूमि मालिक रोशन अली, संजार अहमद खां सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने रजिस्ट्री के बाद म्यूटेशन के लिए आवेदन किया, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर पृथ्वी चक की जमीन मझिआंव में, और रेंसुआ की जमीन किसी अन्य स्थल पर दिख रही है। इससे न सिर्फ उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि भविष्य में जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद की आशंका भी बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि यह त्रुटि जिला निबंधन कार्यालय की लापरवाही से हो रही है। जमीन की रजिस्ट्री के बाद उसका विवरण सीधे ऑनलाइन अंचल कार्यालय के लॉगिन में भेजा जा रहा है, लेकिन उसमें ग्राम का नाम गलत दर्ज हो रहा है। इस कारण आवेदन खारिज हो रहे हैं।
इस संदर्भ में प्रभारी सीआई धनलाल उरांव ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के चंद्री, दुबे तहले, मझिआंव कला, मझिआंव खुर्द, पृथ्वी चक, रेंसुआ, अखौरी तहले, मोरबे गांव सहित कई क्षेत्रों में यह समस्या देखी गई है। यह मामला पिछले दो वर्षों से चल रहा है और वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 28 ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्हें जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उन्होंने जिला निबंधन पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं अपर समाहर्ता को इस बाबत लिखित सूचना भेज दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान हेतु उच्चस्तरीय हस्तक्षेप कराया जाएगा।











