Location: Manjhiaon
मझिआंव थाना क्षेत्र के टरहे गांव स्थित सतूआही बांध के पास परास वन में शनिवार को एक 22 वर्षीय महिला का शव पेड़ से झूलता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। मृतका की पहचान पुरहे गांव के गवरवा टोला निवासी संतोष रजवार की पत्नी प्रभा देवी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार महिला का शव साड़ी के फंदे से झूलता मिला। वह ब्लाउज और पेटीकोट पहने थी तथा ब्लाउज के ऊपर एक छोटा मोबाइल रखा हुआ था। शव बरामदगी की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने शव को नीचे उतरवाया और थाना लाया गया।
मृतका की पहचान होने के बाद उसके मायके पक्ष के लोग थाना पहुंचे। उसकी मां ने ससुर चुंटूर रजवार पर आरोप लगाया कि शराब पीकर उसने गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। परिजनों ने बताया कि मई 2024 में प्रभा देवी की शादी दहेज और मोटरसाइकिल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका की बड़ी बहन रीता देवी ने भी हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि आत्महत्या करने पर मोबाइल ब्लाउज में जस का तस नहीं रहता, वह गिर जाता। ससुर चुंटूर रजवार ने बताया कि बेटा संतोष बाहर मजदूरी करने गया है और शुक्रवार की रात बहू प्रभा से मोबाइल पर बात भी हुई थी।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी और प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।











