Location: Manjhiaon
मझिआंव थाना क्षेत्र में अलग-अलग चार स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का मझिआंव पुलिस ने शुक्रवार की रात खुलासा कर लिया है। इन घटनाओं को लेकर मझिआंव थाना में मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें करीब पांच लाख रुपये नगद सहित अन्य सामानों की चोरी की बात सामने आई थी।
चोरी की घटनाएं शहर के तीन मुहान ब्लॉक मोड़ के समीप गुप्ता मेडिकल, उत्क्रमित हाई स्कूल मझिआंव, पत्रकार मनोज दुबे के जनरल स्टोर तथा चंद्रवंशी पेट्रोल पंप के पीछे बैलगाड़ी घाट के समीप स्थित सेवा निवृत्त फौजी सतेंद्र नाथ पांडेय की छड़-सीमेंट दुकान में हुई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ लोग कार से बस स्टैंड से लेकर पुरानी अस्पताल तक रेकी कर रहे हैं। शक होने पर पुलिस ने मझिआंव–गढ़वा मुख्य सड़क पर पुरानी अस्पताल से कुछ दूरी आगे तीन लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और चोरी का सामान छिपाने के स्थानों की जानकारी दी।
आरोपियों के निशानदेही पर बैलगाड़ी घाट स्थित पीपल पेड़ के पश्चिम दिशा में एक पानी से भरे कुएं से छड़-सीमेंट दुकान से चोरी किया गया सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया। वहीं उत्क्रमित हाई स्कूल से चोरी की गई बैटरी सहित अन्य सामान तथा जनरल स्टोर से चोरी किए गए कुछ सामान भी बरामद होने की सूचना है।
फिलहाल पुलिस टीम पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है, ताकि चोरी से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जा सके। हालांकि गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई जानकारी देने से इनकार किया है और मामले को गोपनीय रखा गया है, जिससे जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए।












