Location: Manjhiaon
मझिआंव
मझिआंव पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों से खोए हुए चार मोबाइल फोन बरामद कर रविवार को उनके वास्तविक धारकों को लौटा दिया गया। मोबाइल पाकर सभी लाभार्थियों ने खुशी जाहिर की और पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया।
इस संबंध में मोबाइल धारकों को फोन सौंपते हुए पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी मोबाइल सीआईआर (CIR) पोर्टल के माध्यम से खोजे गए हैं। मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित भुक्तभोगियों द्वारा थाना में इसकी सूचना एवं सनहा दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद किए।
जिन लोगों को मोबाइल लौटाया गया, उनमें रमूना थाना क्षेत्र के सिलिदांग गांव निवासी आलोक राम, बरडीहा थाना क्षेत्र के सुख नदी गांव निवासी विनोद चौधरी, नगर पंचायत क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी सीताराम गुप्ता तथा मझिआंव कला निवासी जयशंकर शर्मा शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार, थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभार्थियों ने मझिआंव पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।











