Location: Manjhiaon
मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में हाल ही में निर्मित नाली का ढक्कन कई स्थानों पर टूट जाने से लोगों में आक्रोश है। नगर पंचायत क्षेत्र में रोड के बीचों-बीच नाली का निर्माण कराया गया है, जिस पर संवेदक द्वारा अस्थायी रूप से पटिया (ढक्कन) डाला गया था। पटिया डालने के कुछ ही दिनों बाद वह कई स्थानों पर टूट गया है।
ढक्कन टूटने के कारण अब तक कई पशु नाली में गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं, सड़क से गुजरने वाले मोटरसाइकिल सवारों के लिए भी यह नाली गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पटिया को तत्काल हटाकर उसकी जगह मजबूत और गुणवत्तापूर्ण ढक्कन लगाया जाए, ताकि आम लोगों और पशुओं की जान जोखिम में न पड़े।
इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। स्थल का निरीक्षण कर जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












