Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रतिनिधि:
थाना क्षेत्र के मझिआंव खुर्द गांव निवासी देव कुमार राम की लगभग 28 वर्षीय पत्नी मंजु देवी की गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे मृत्यु हो गई। मृतका के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका का मायका कांडी थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में है। विवाहिता पुत्री की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता मझिआंव खुर्द पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने ससुराल पक्ष को अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। मायके पक्ष का कहना है कि मृतका का भाई बाहर काम करता है, उसके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसी कारण शव को रोके रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि मंजु देवी की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी, जिसका इलाज गढ़वा एवं स्थानीय चिकित्सकों के यहां कराया जा रहा था।
मृतका के चारों बच्चे मां के शव को देखकर बार-बार रो-रोकर चित्कार कर रहे थे। बच्चों को ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उनकी मां सो रही हो और वे उसे जगाने का प्रयास कर रहे हों। वहीं मृतका के वृद्ध माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।











