Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रखंड क्षेत्र स्थित एलके पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को विद्यालय के निदेशक ललन शाह द्वारा गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया, जिसमें प्रत्येक बच्चे के कम-से-कम एक अभिभावक की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए निदेशक ललन शाह ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिदिन सुबह और शाम कम-से-कम एक-एक घंटा उनके साथ बैठकर पढ़ाई कराएं। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की होमवर्क कॉपी अवश्य जांचें और उनकी पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखें।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को मोबाइल फोन, अनावश्यक पैसे और नशा-पान जैसी बुरी आदतों से दूर रखने की अपील की। निदेशक ने कहा कि गलत संगति बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है, इसलिए अभिभावक सतर्क रहें और बच्चों के मित्रों एवं दिनचर्या पर ध्यान दें।
ललन शाह ने कहा कि घर का माहौल पढ़ाई के अनुकूल होना चाहिए, ताकि बच्चे स्वप्रेरित होकर अध्ययन कर सकें। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के महत्व पर भी जोर दिया। उनके अनुसार खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा वे जिला, राज्य और देश स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने गर्व के साथ बताया कि उनके मार्गदर्शन में पढ़े कई छात्र आज इंजीनियर, डॉक्टर एवं अन्य उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
समय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को समय से पहले स्कूल भेजने की आदत डालें, क्योंकि समय ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की अपेक्षा अब शैक्षणिक संसाधनों में काफी विकास हुआ है, जिससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में अधिक सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के माता-पिता, अभिभावक तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। गोष्ठी का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना











