Location: Manjhiaon
मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मारुति नंदन सोनी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर निवर्तमान अध्यक्ष सह प्रत्याशी सुमित्रा देवी पर गंभीर आरोप लगाए।
श्री सोनी ने कहा कि उनके समर्थक आमर पश्चिम टोला निवासी प्रद्युम्न कुमार पासवान के भाई शत्रुघन कुमार पासवान को सुमित्रा देवी के समर्थक सबीर अंसारी द्वारा कथित रूप से धमकी दी गई। उनके अनुसार, शत्रुघन कुमार पासवान से कहा गया कि वे अपने भाई को मारुति नंदन का साथ छोड़ने और सुमित्रा देवी के समर्थन में आने के लिए समझाएं, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
श्री सोनी ने आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित दिख रही है, जिसके कारण विरोधी पक्ष घबराहट में इस प्रकार की हरकतें करवा रहा है।
सुमित्रा देवी ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, इस संबंध में सुमित्रा देवी ने आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनके पक्ष में बढ़ते जनसमर्थन को देखकर मारुति नंदन सोनी बौखला गए हैं और इसी कारण ऐसे आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी तीसरे पक्ष से एग्जिट पोल कराया जाए तो स्पष्ट हो जाएगा कि जनता किसके साथ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो प्रत्याशी जीत रहा हो, वह इस प्रकार की धमकी क्यों दिलवाएगा।
नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।











