रांची : राजधानी के बहु बाजार के निकट गणपत नगर स्थित गणपत पैलेस एवं गौरी सावित्री हेरिटेज के प्रांगण में एक भव्य और सुंदर शिव पार्वती मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में भगवान शिव और पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन किया गया है। कलश यात्रा और अन्य पूजा अनुष्ठान के साथ यज्ञ प्रारंभ हुआ। यज्ञ के तीसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न पूजा अनुष्ठान के बाद मंदिर में भगवान शिव पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान हर हर महादेव की जयकारे से पूरा परिसर गूंजता रहा।
प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान संध्या प्रतिदिन भजन- कीर्तन और प्रवचन का कार्यक्रम चल रहा है। गणपत पैलेस परिसर में भव्य और सुंदर मंदिर का निर्माण समाजसेवी जितेंद्र सिंह और पंकज सिंह ने कराया है। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के लिए एक सुसज्जित हॉल का भी निर्माण कराया गया है। प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में यजमान की भूमिका रूपनारायण सिंह पत्नी के साथ निभा रहे हैं। वाराणसी से आए विद्वान पंडित यज्ञ संपन्न करा रहे हैं। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के साथ साथ कई धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हुआ। शनिवार को धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान भजन कीर्तन में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। गणपत पैलेस परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया है। आसपास से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में शामिल हो रहे हैं।











