Location: Bhavnathpur
गढ़वा/भवनाथपुर: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लूट, डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र नारायण सिंह ने थाना प्रभारी रजनी रंजन के साथ भवनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित विभिन्न बैंकों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली एवं रिकॉर्डिंग क्षमता की जांच की। इसके अलावा बैंक सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति, उनकी सक्रियता तथा हथियारों की वैधता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन अलार्म एवं सायरन की स्थिति का भी भौतिक सत्यापन किया।
इस दौरान बैंक परिसर के अंदर एवं बाहर मौजूद संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए असंगत प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही आगंतुक पंजी (विजिटर रजिस्टर) में दर्ज प्रविष्टियों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने बैंक अधिकारियों, कर्मियों एवं ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।











