Location: Garhwa

मरहटिया।
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा आश्रम मरहटिया स्थित भगवान महावराह पीठ में आज अनन्य दिवस समारोह बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम में स्थापित भगवान महावराह एवं समाधि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई। इस अवसर पर सफल योनि पाठ का पाठ श्री सुरेन्द्र चौबे जी द्वारा विधिवत रूप से कराया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच शुद्धम प्रसाद का वितरण किया गया और एक धार्मिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी के दौरान माघ कृष्ण चतुर्दशी के आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि इसी पावन तिथि को परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु जी को लंबे समय तक उपेक्षा और तिरस्कार सहने के बाद प्रयागराज संगम तट पर मां भगवती का दर्शन प्राप्त हुआ था। उस समय मां भगवती ने बाबा जी के फाकते हुए तिलकुट-चूड़ा में से एक मुट्ठी अर्पित की थी।
गोष्ठी में बताया गया कि उसी क्षण से बाबा जी के जीवन में ऐसी कृपा बरसी कि प्राप्ति इतनी होने लगी कि दूसरों की ओर टालनी पड़ने लगी। तभी से श्री सर्वेश्वरी समूह में माघ कृष्ण चतुर्दशी को अनन्य दिवस के रूप में पर्व की तरह मनाया जाता है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि परम पूज्य गुरुदेव मां गुरु जी भी आज के दिन अपने शिष्यों को उनकी पात्रता के अनुसार भरपूर कृपा प्रदान करती हैं।
गोष्ठी के उपरांत आयोजित भंडारा में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संध्या काल में आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में श्री रविन्द्र नाथ द्विवेदी, श्री जगनरायण दुबे, सुरेन्द्र चौबे, पुष्कर सुमन, सत्येंद्र तिवारी, टेपण जायसवाल, बबलू तिवारी, संजीत कुमार मिश्रा, सत्येंद्र ठाकुर, सुधीर तिवारी, रमेश राम, सुशीला द्विवेदी, रीता तिवारी, पुष्पा जायसवाल, मंगलवास देवी, संगीता तिवारी, लीलावती देवी, उषा देवी, कृष्ण राम, अनिल राम सहित आश्रम से जुड़े सभी श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग रहा।












