Location: पलामू
पलामू। मेदिनीनगर-पोखराहा मुख्य सड़क मार्ग पर मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह निवासी नागेश्वर तिवारी (पिता स्व. देव कुमार तिवारी) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पोखराहा मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन सड़क निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक न तो बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है और न ही यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त संकेतक अथवा ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन एमएमसीएच अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है। इधर हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।