Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव थाना क्षेत्र के बकोईया गांव स्थित कोयल नदी के पानी टंकी छठ घाट पर मंगलवार को दोपहर लगभग 1:00 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। शव की जानकारी सबसे पहले कुछ चरवाहों द्वारा दी गई, जिन्होंने नदी के किनारे शव को तैरते हुए देखा।
शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मझिआंव थाना को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो के निर्देशानुसार पुलिस अवर निरीक्षक (एस.आई.) चन्दन प्रधान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, युवक का चेहरा पानी में रहने के कारण काफी फूला हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव कम से कम 24 घंटे से अधिक समय से पानी में रहा होगा। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में किसी लापता युवक की रिपोर्ट से मिलान करने का प्रयास कर रही है।












