Location: गढ़वा जिला
गढ़वा। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पूरे गढ़वा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कांडी, मेराल, सगमा-बिलासपुर तथा मझिआंव-बरडीहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारेबाजी के साथ जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
कांडी में मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे और विनोद दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी चौक के पास अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। मौके पर किसान मोर्चा व स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित रहे।
मेराल में बस स्टैंड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ने कहा कि जनता का भरोसा एनडीए पर है। किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा ने भाजपा को विकास का वाहक बताया। कई मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सगमा-बिलासपुर में भाजपा नेताओं ने मुख्य सड़क पर जुलूस निकालकर नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश जयसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहगीरों के बीच मिठाई बांटी।
मझिआंव व बरडीहा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा एवं राष्ट्रवादी नारों के साथ आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
पूरे जिले में एनडीए की जीत को लेकर उत्साह साफ दिखा, और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे विकास एवं जनता के विश्वास की जीत बताया।











