Location: Garhwa
राज्य स्थापना दिवस व “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त ने की तैयारी बैठक
गढ़वा: राज्य स्थापना दिवस 2025 एवं “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बताया कि 11 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक राज्य स्थापना दिवस एवं “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर
- 11 नवंबर को रन फॉर झारखंड,
- 12 नवंबर को बाल कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं,
- 13 नवंबर को साइकिल रैली (समाहरणालय से अन्नराज डैम तक),
- 14 नवंबर को पेंटिंग व अन्य प्रतियोगिताएं, तथा
- 15 नवंबर को परिसंपत्तियों का वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही 18 नवंबर से 29 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा योग्य लाभुकों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ऑन-द-स्पॉट उपलब्ध कराया जाएगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक शिविर आयोजित हो तथा शिविर की तिथि और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पोर्टल पर पंजीकरण कर त्वरित निष्पादन किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, एसडीओ संजय कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ अभियान जारी
गढ़वा: परिवहन विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार 3 नवंबर से 9 नवंबर 2025 तक चल रहे “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” जागरूकता अभियान के तहत NH-33 एवं SH-06 पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और लर्निंग लाइसेंस अभ्यर्थियों को तेज रफ्तार में वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन परिचालन से बचने और हेलमेट पहनने की अपील की गई। पंपलेट वितरण कर लोगों को “रफ्तार नहीं, जीवन की जिम्मेदारी जगाओ” संदेश दिया गया।












