Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि), 3 अक्टूबर 2025:
प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया। नवमी और दशमी तिथि तक श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। श्रद्धालु भक्तों ने माँ दुर्गा की प्रतिमा को नम आँखों और पारंपरिक भक्ति गीतों व डीजे की धुनों पर नाचते-गाते विदाई दी।
प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों—सतबहिनी झरना तीर्थ, सोन व कोयल नदी, चटनियां डैम तथा अन्य स्थानीय जलाशयों में देर रात तक प्रतिमा विसर्जन का क्रम चलता रहा। कुछ स्थानों पर गुरुवार (दशहरा) को भी छिटपुट रूप से प्रतिमा विसर्जन किया गया।
इससे पहले बुधवार (नवमी तिथि) को लगभग सभी पूजा पंडालों में हवन-यज्ञ व महाभंडारे का आयोजन किया गया। विशेष रूप से अधौरा दुर्गापूजा समिति द्वारा नवमी को सत्यनारायण प्रसाद एवं दशमी को प्रिय कुमार गुप्ता के सौजन्य से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
पूरे उत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों की गश्ती की गई और विसर्जन स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों सहित सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। इस वजह से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और पर्व संपूर्ण शांति व व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।











