Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर:
प्रखंड संसाधन केंद्र अधौरा में सभी सीआरपी और बीआरपी की बैठक प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) बिरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बीपीओ द्वारा विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीपीओ बिरेंद्र प्रसाद ने बताया कि एसए-1 परीक्षा का मूल्यांकन 6 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए तथा 16 जनवरी तक परिणाम प्रकाशित कर ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डहर एप टोला सर्वे का कार्य अब तक पूरा नहीं करने वाले विद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया। साथ ही इको क्लब का नोटिफिकेशन नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बीपीओ ने ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति के लिए बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण विद्यालयों द्वारा कराए जाने का निर्देश दिया। इसके अलावा एफएलएन चैंपियन क्लब के तहत वर्ग 2 से 5 तक के विद्यालयों से कम से कम 10 बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। बीआरसी अंतर्गत सभी शिक्षकों को ऑनलाइन अवकाश लेने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बीआरपी श्रीकांत चौबे ने कहा कि सभी शिक्षक पाठ टीका का नियमित उपयोग करें और सीआरपी यह सुनिश्चित करें कि शिक्षक इसे ऑनलाइन अपडेट करें। उन्होंने प्रयास कार्यक्रम एवं प्रोजेक्ट इंपैक्ट के अनुपालन पर विशेष जोर देते हुए इसकी निरंतर समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुश्रवण के दौरान बच्चों के शैक्षणिक अधिगम में सुधार की जांच की जाए तथा रेल परीक्षा के बाद मूल्यांकन कर ऑनलाइन प्रविष्टि अनिवार्य रूप से की जाए। डहर एप में किसी प्रकार की समस्या होने पर बीआरपी प्रकाश कुमार सिंह से संपर्क करने को कहा गया।
बैठक में बीआरपी श्रीकांत चौबे, सीआरपी संजय कुमार सिंह, सुबोध कुमार, शक्तिदास सिन्हा, शोभा कुमारी, संतोष कुमार सहित सभी संबंधित कर्मी उपस्थित थे।












