Location: सगमा
न्यायालय के आदेश पर 16 भुइया परिवारों के घर खाली कराए जाने के बाद हुआ था सड़क जाम, एसडीओ :हस्तक्षेप से बहाल हुआ आवागमन
प्रखंड के सगमा गांव स्थित भुइया टोली में शुक्रवार को माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में 16 भुइया परिवारों के घर खाली कराकर आदिवासी बैगा परिवार को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई के बाद विस्थापित भुइया परिवार अपने बाल-बच्चों के साथ सड़क पर बैठ गए और पुनर्वास की मांग को लेकर सगमा–धुरकी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जब तक उन्हें पुनर्वास का ठोस आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। सड़क जाम के कारण करीब 30 घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा मौके पर पहुंचे और विस्थापित परिवारों तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण राम के साथ बातचीत की। एसडीओ द्वारा शीघ्र पुनर्वास का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिससे आवागमन पुनः शुरू हो सका।
प्रशासन द्वारा पुनर्वास होने तक सभी बेघर परिवारों को अस्थायी रूप से सगमा स्थित किसान भवन में स्थानांतरित किया गया है। वहां प्रशासन की ओर से भोजन के लिए राशन एवं ठंड से बचाव हेतु कंबल की व्यवस्था की गई है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश पर की गई है, जिसका सभी पक्षों को सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय खुलने के बाद जिला प्रशासन इस मामले में आवश्यक निर्देश प्राप्त कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।











