Location: Meral
पतंजली योग समिति परिवार की ओर से रविवार को मेराल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेराल के पत्रकार बलराम शर्मा के आवास पर संपन्न हुआ, जिसमें प्रखंड के विभिन्न गांवों से चयनित 48 नवनियुक्त सहायक आचार्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसडीओ संजय कुमार पांडे, प्रमुख दीपमाला कुमारी, पतंजली के सुशील केशरी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन, डॉ. दीपक कुमार यादव, संतोष चौबे सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को बुके एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।
नवनियुक्त सहायक आचार्य शिक्षकों को गमछा एवं कॉपी देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह के प्रायोजक नव जीवन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. दीपक यादव एवं विजय यादव रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेश शुक्ला ने किया।
अपने संबोधन में एसडीओ संजय कुमार पांडे ने कहा कि शिक्षक देश और समाज के निर्माता होते हैं। समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान दें, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार भी प्रदान करें। उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी और कार्यक्रम आयोजन के लिए पतंजली योग समिति का आभार व्यक्त किया।
प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि शिक्षक समाज का आईना होते हैं। वे बच्चों को इस तरह शिक्षित करें कि वे उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में डॉ. लाल मोहन, मुखिया रामसागर महतो, शिक्षक सुषमा कुशवाहा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर शिक्षक रविंद्र गुप्ता, मनोज ठाकुर, कामेश्वर ठाकुर, सतेंद्र कुमार, जुनैद अंसारी, रामाशिष पटवा, अखिलेश चौबे, तैयब अंसारी, सुषमा मेहता, मिथिलेश तिवारी, मदन यादव समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











