Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा)। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या सात स्थित रैसुआ गांव निवासी एवं जनवितरण प्रणाली के निलंबित दुकानदार शिवशंकर राम (56) का हृदय संबंधी बीमारी के कारण निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को मझिआंव स्थित कोयल नदी श्मशान घाट पर किया गया।
मृतक के बड़े पुत्र रंजन कुमार ने बताया कि उनके पिता पिछले करीब एक वर्ष से हृदय रोग से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। बेहतर उपचार के लिए उन्हें दो जुलाई को मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए घर ले जाने की सलाह दी। घर वापस लाने के दौरान शनिवार को रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
शव के रैसुआ गांव पहुंचते ही परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पिंटू विश्वकर्मा, समाजसेवी लक्ष्मण सिंह, संयम सिंह, जनवितरण दुकानदार उर्मिला देवी, बीएलओ रुक्मिणी देवी सहित कई लोगों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
रविवार को कोयल नदी श्मशान घाट पर बड़े पुत्र रंजन कुमार ने मुखाग्नि दी। छोटा पुत्र चेन्नई में पढ़ाई करने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सका।
अंतिम संस्कार में अजय राम, राजनाथ राम, राजेश राम, प्रदीप राम, दिलीप राम, लालमुनी राम, बुधन राम, रामधनी राम, जोखन राम, सुगन राम, धर्मदेव राम, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि शिवशंकर राम वर्ष 2023 में राशन वितरण में कथित अनियमितता के आरोप में निलंबित किए गए थे। उनके परिवार में पत्नी लालो देवी, दो पुत्र, चार पुत्रियां तथा अन्य परिजन हैं। उनके निधन से पूरे परिवार में शोक की लहर है।