Location: सगमा
सगमा (गढ़वा), 1 अक्टूबर – सगमा प्रखंड क्षेत्र में नौ दिवसीय नवरात्र अनुष्ठान का बुधवार को विधिवत समापन हो गया। पूरे क्षेत्र में अग्नि आहुति, कन्या पूजन और भक्ति के रंग में डूबे माहौल के साथ समापन समारोह संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूजा पंडालों से लेकर अपने घरों तक कलश स्थापना के साथ पूजा-पाठ किया और उपवास समाप्त कर प्रसाद ग्रहण किया।
प्रखंड के सगमा, पुतुर, बीरबल, मकरी, बैलिया, घघरी, शारदा कटहर कला, खुर्द, झुमका, दुसैया, चैनपुर, सोनडिहा समेत दर्जनों गांवों में माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। सभी पंडाल रंग-बिरंगी झालरों से सजाए गए थे और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया था।
बीरबल गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। भीड़ की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष सीताराम रवानी, सचिव श्रीकांत कुमार, पूजा समिति अध्यक्ष गोपाल विश्वकर्मा तथा अन्य स्वयंसेवक सक्रिय रहे।
वहीं मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम में भी काली शक्ति पीठ पर विशेष अनुष्ठान का आयोजन हुआ। अग्नि आहुति और कन्या पूजन के साथ नवरात्र का समापन किया गया। इस आयोजन में झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक एकता की मिसाल पेश की।











