Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक अनंत प्रताप देव ने हाल ही में रांची में नगर विकास मंत्री श्री शुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए प्रशासनिक स्वीकृति एवं बजट आवंटन की मांग की।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनके शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इन प्रस्तावित योजनाओं में 42 लाख रुपये की लागत से अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, 26 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से रिवरफ्रंट डेवलपमेंट योजना, 5 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से वेंडर मार्केट निर्माण और 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से जतपूरा स्थित नर्मदेश्वर मंदिर का सौंदर्यीकरण शामिल है।
नगर विकास मंत्री शुदिव्य कुमार सोनू ने इन योजनाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने के साथ बजट आवंटन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी विकास को लेकर गंभीर है।
विधायक अनंत प्रताप देव ने बताया कि इन सभी योजनाओं के तहत नगर पंचायत क्षेत्र को कुल 34 करोड़ 30 लाख रुपये का बजट आवंटन मिलने की संभावना है, जिससे विकास कार्यों को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि क्षेत्र में सभी विकास योजनाएं धरातल पर उतरें और जनता को उनका सीधा लाभ मिले।
इस पहल से नगर पंचायत क्षेत्र में रह रहे लोगों में विकास की नई उम्मीद जगी है, जिससे उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है।











