Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा):
नगर पालिका आम निर्वाचन में नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर से भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के रूप में रेखा देवी, पत्नी ओमप्रकाश गुप्ता को घोषित किया गया है। इस बार भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए कोई अन्य प्रत्याशी नहीं है।
यह बातें रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कही। उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव दलीय नहीं होने के बावजूद छह कार्यकर्ताओं ने आवेदन देकर पार्टी से समर्थन की मांग की थी। इन आवेदन पर कोर कमेटी के निर्णय के अनुसार रेखा देवी को भाजपा समर्थित प्रत्याशी बनाया गया।
उदय कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि पार्टी निर्णय से अलग हटकर जो भी कार्यकर्ता अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं, वह भाजपा के नहीं हैं। उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष विजयालक्ष्मी देवी, जिन्होंने गत नगर पंचायत चुनाव में भाजपा सिंबल पर जीत हासिल की थी, इस बार भाजपा की कार्यकर्ता नहीं मानी जाएंगी। पार्टी पूरी तरह रेखा देवी के समर्थन में जुटेगी।
घोषणा के बाद उपस्थित महिलाओं ने माला पहनाकर रेखा देवी का स्वागत किया। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश करने वाले अन्य कार्यकर्ता रेखा देवी के प्रत्याशी घोषित होने के बाद मायूस होकर चले गए।
इस मौके पर राजीव रंजन तिवारी और बबलू पटवा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।











