Location: Garhwa
गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा नेताओं की बैठक, झारखंड सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा आज गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शहर के हठाकुर महल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और नगर परिषद चुनाव में जीत के लिए आवश्यक रणनीति और सुझाव दिए।
बैठक के दौरान रेखा वर्मा ने झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास पूरी तरह से अवरुद्ध है और वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रही है।
वहीं इस मौके पर उपस्थित भाजपा नेता भानु प्रताप शाही ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि झारखंड के सभी 48 नगर निकाय क्षेत्रों में भाजपा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार का काउंटडाउन शुरू हो जाएगा।
भानु प्रताप शाही ने यह भी आरोप लगाया कि झारखंड सरकार निकाय चुनाव बैलेट पेपर से करा रही है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि पहले निकाय चुनाव ईवीएम से कराए गए थे, लेकिन इस बार बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय सरकारी तंत्र के माध्यम से गड़बड़ी फैलाने की आशंका को जन्म देता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में निकाय चुनाव होना भाजपा के संघर्ष का परिणाम है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क से लेकर न्यायालय तक लगातार संघर्ष किया, जिसके चलते राज्य में नगर निकाय चुनाव संभव हो पाया है।











