Location: सगमा

सगमा, गढ़वा : धुरकी पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर उनकी कमर तोड़ने में जुटी हुई है। इसी क्रम में वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। रविवार को धुरकी पुलिस ने धारा 302/34 के एक मामले में फरार चल रही प्राथमिक अभियुक्ता के खिलाफ इस्तेहार चस्पाने की कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम बरसोती, थाना धुरकी निवासी सिव कुमारी देवी (उम्र लगभग 50 वर्ष), पति विक्रम शाह के घर ढोल–नगाड़े बजाकर न्यायालय का इस्तेहार चस्पाया। साथ ही गांव के सार्वजनिक स्थलों पर भी कोर्ट आदेश की प्रतियां लगाई गईं।
इस संबंध में थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि उक्त महिला पिछले करीब पांच वर्षों से फरार चल रही है। उसके विरुद्ध थाना कांड संख्या 142/2021 दर्ज है। माननीय न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस्तेहार चस्पाने के बावजूद यदि अभियुक्ता न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करती है, तो आगे कुर्की–जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
धुरकी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ता देखा जा रहा है।











