Location: सगमा
धुरकी (गढ़वा)। धुरकी थाना पुलिस ने गुरुवार को कनहर नदी से अवैध रूप से बालू लादकर सगमा प्रखंड की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। वहीं ट्रैक्टर चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर अवैध बालू लोड कर कनहर नदी से सगमा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर का पीछा किया। इस दौरान चालक ने ट्रैक्टर को तेज गति से भगाया और शारदा गांव की ओर भाग निकला।
पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किए जाने पर भी चालक नहीं रुका और ट्रैक्टर को शारदा गांव के पास जंगल के किनारे छोड़कर फरार हो गया। बाद में ट्रैक्टर को एक निजी चालक के माध्यम से थाना लाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना खनन विभाग को दी गई है। ट्रैक्टर चालक एवं मालिक की पहचान की जा रही है। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।











