Location: Garhwa
गढ़वा: भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झारखंड सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार किसानों को धान बिक्री की राशि अब तक नहीं दे सकी है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार पर किसानों के शोषण और वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
रितेश चौबे ने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां सत्ता में बैठे लोग लाभ उठा रहे हैं जबकि किसान अपने मेहनत के बावजूद बकाया भुगतान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष किसानों द्वारा बेचे गए धान की राशि अब तक भुगतान नहीं की गई है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।
भाजपा नेता ने कहा कि झामुमो सरकार ने किसानों से 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद का वादा किया था, लेकिन वर्ष 2024-25 में केवल 2300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीद की गई। इसके बावजूद किसानों को भुगतान नहीं मिला है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के लिए समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है, जबकि झारखंड की सरकार किसानों को सिर्फ नारों से बहला रही है।
चौबे ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो भाजपा कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।











