Location: Manjhiaon
मझिआंव। प्रतिनिधि।
गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरहे गांव से देवघर गए सात कांवरियों की बोलेरो को सवारी बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी कांवरिए गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।
घटना सोमवार की अहले सुबह करीब 3 बजे की है। जानकारी के अनुसार, पुरहे गांव से सात कांवरिए रविवार को बोलेरो से बाबा धाम, देवघर जलाभिषेक करने गए थे। सोमवार को जल चढ़ाकर वे सभी बासुकीनाथ के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मनोहरपुर थाना क्षेत्र में एक दुकान के पास पानी लेने के लिए बोलेरो रोक दी गई। उसी समय पीछे से आ रही एक सवारी बस ने खड़े बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पुरहे गांव के शिव यादव, सतीश ठाकुर, पंचायत उपमुखिया धर्मेंद्र ठाकुर, छोटू दुबे, राहुल दुबे, सुनील गुप्ता तथा करुई गांव के धर्मपाल सिंह घायल हो गए। सभी को तत्काल देवघर एम्स ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शिव यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि शिव यादव के सिर में गहरी चोट लगी है और वे हादसे के बाद से ही बेहोश हैं। समाचार लिखे जाने तक उन्हें होश नहीं आया था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो एवं बस को जब्त कर लिया है।












