
Location: Garhwa
गढ़वा थाना क्षेत्र के संग्रहखुर्द गांव निवासी शाहनवाज अंसारी की पत्नी शबनम खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसे गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया था, लेकिन मायके पक्ष के आरोपों के बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शव को कब्र से निकालकर शनिवार को गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया।
शबनम के मायकेवालों का आरोप है कि उसकी हत्या दहेज के लिए की गई। पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के नेवरी गांव निवासी इकबाल अंसारी और मेहरून खातून की पुत्री शबनम की शादी 24 मार्च 2024 को शाहनवाज अंसारी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालवाले ₹5 लाख दहेज की मांग कर रहे थे और उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
शबनम ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया था, जिसके बाद से उसे और ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। मायकेवालों के अनुसार, 19 फरवरी 2025 को शबनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने दावा किया कि उसकी मौत सांप काटने से हुई, लेकिन जब मायकेवाले पहुंचे, तो शव को जल्दबाजी में दफनाया जा रहा था।
मायकेवालों ने शबनम के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए गढ़वा थाना में उसके पति, ससुर, सास व अन्य पर हत्या और साक्ष्य छुपाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चलेगा।