Location: Manjhiaon
मझिआं, प्रतिनिधि। बरडीहा थाना क्षेत्र के सलगा पूर्वी तालाब से बुधवार सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 11 बजे चरवाहों ने तालाब में शव देख कर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मझिआं थाना क्षेत्र के सेंमरहत गांव निवासी 26 वर्षीय इम्तियाज अंसारी के रूप में हुई।
मृतक के चाचा इमामुद्दीन अंसारी ने मौके पर पहुंचकर पहचान की और थाना में लिखित बयान देकर कहा कि उन्हें किसी पर संदेह नहीं है। उनके भतीजे की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और उसकी शादी कांडी थाना क्षेत्र में हुई थी।











