Location: पलामू
मेदिनीनगर।पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रखंड अध्यक्ष जीतेंद्र उर्फ मुन्ना सिन्हा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी अरुण ठाकुर उर्फ डोमन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।हत्या के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था। कई दिनों तक उसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही थीं। अंततः शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।गौरतलब है कि जीतेंद्र सिन्हा की हत्या जमीन विवाद के चलते की गई थी। घटना के दिन वे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे, तभी अचानक आरोपी अरुण ठाकुर वहां पहुंचा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जीतेंद्र सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई थी।इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों और JMM कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल अन्य लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












