Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): बरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी कार्यालय से रविवार की छुट्टी के दिन छात्रों की किताबें एक पिकअप वाहन पर लादकर ले जाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रंगेहाथ पकड़ लिया।
बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही रविवार शाम करीब चार बजे छापेमारी कर पिकअप वाहन को बीआरसी परिसर से पकड़ा गया। वाहन चालक के साथ बीआरसी कार्यालय के एक कर्मचारी पंपल विश्वकर्मा को भी हिरासत में लिया गया था। पूछताछ और प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद दोनों को रात में ही छोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) रंभा चौबे को दे दी गई है। आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इधर, बीईईओ रंभा चौबे ने बताया कि पूरे मामले की सूचना उन्हें थाना प्रभारी से मिली है। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सूचित कर दिया गया है और इस मामले में जिला स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।











