Location: कांडी
कांडी (गढ़वा) – भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे एवं रामलाला दुबे ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर कांडी थाना प्रभारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि छठ पर्व के दौरान कांडी एवं आसपास के क्षेत्रों में बूचड़खाना, मांस, मछली, अंडा एवं शराब की खुलेआम बिक्री पर अविलंब रोक लगाई जाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि छठ पूजा हिंदू समाज का एक प्रमुख व पवित्र त्योहार है, जिसमें पूरे समाज की आस्था जुड़ी होती है। इसके बावजूद त्योहार के दौरान मांस, अंडा और शराब की दुकानें सामान्य दिनों की तरह ही खुली रहती हैं, जिससे पूजा-पाठ के माहौल में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने इसे लोक भावनाओं का अपमान बताते हुए स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार पर धार्मिक पर्वों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि सरकार एक तरफ धार्मिक स्थलों व त्योहारों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे पवित्र अवसरों पर मांस व शराब की बिक्री को रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जाती।
इसके अलावा भाजपा नेताओं ने सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल, भंडारिया से सुंडीपुर सोन नदी तथा सुंडीपुर से डुमासोता सोन नदी तक स्थित छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा बल की तैनाती की मांग भी की है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
भाजपा नेताओं ने प्रशासन से छठ पर्व के मद्देनजर त्वरित और सख्त कदम उठाने की मांग की है।












