Location: पलामू
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरहा गांव में करीब 19 वर्षीय एक अज्ञात युवक का अर्ध-जला शव बरामद किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) राजीव रंजन ने बताया कि बरामद शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि शव का फोटोग्राफी और वीडियो क्लिपिंग कराई गई है, ताकि पहचान में सहायता मिल सके।
वहीं चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि शव का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जबकि हाथ और पैर जले हुए हैं। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने भी शव को पहचानने से इंकार किया है।
थाना प्रभारी ने आशंका जताई कि मृतक बाहरी हो सकता है। फिलहाल पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है और शव की पहचान के साथ-साथ घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।












