Location: Garhwa
गढ़वा शहर के बाजार पाठ स्थित संगत मोहल्ला में शिव मंदिर के सामने बने कुएं के निकट से शिवलिंग गायब पाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिव मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष मुरली श्याम सोनी ने थाना प्रभारी, गढ़वा को आवेदन देकर शिवलिंग की बरामदगी एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि संगत मोहल्ला बाजार पाठ में अवस्थित शिव मंदिर के सामने बने कुएं में वर्षों से एक प्राचीन शिवलिंग विराजमान था, जहां श्रद्धालु प्रतिदिन पूजा-अर्चना करते थे। कुएं के पानी का उपयोग भगवान शिव का अभिषेक, मंदिर की धुलाई एवं अन्य धार्मिक कार्यों में किया जाता था। हाल के दिनों में कुआं सूख जाने के कारण शिवलिंग वहीं पड़ा हुआ था।
आवेदन के अनुसार जब श्रद्धालु सुबह पूजा की थाली लेकर पहुंचे तो देखा कि शिवलिंग कुएं से गायब है। इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष और आक्रोश है। आवेदन में आशंका जताई गई है कि यह कृत्य किसी जमीन दलाल या आसपास के लोगों द्वारा किया गया हो सकता है, जिससे सनातन धर्म की आस्था को ठेस पहुंची है।
शिव मंदिर प्रबंध समिति ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर शिवलिंग की शीघ्र बरामदगी करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।












