Location: Garhwa
गढ़वा, 12 सितंबर — नगर परिषद क्षेत्र के सोनपुरवा मोहल्ला निवासी अशोक गौड़ ने अपने ही पारिवारिक जमीन पर अवैध निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत प्रशासन से की है। अशोक गौड़ का कहना है कि यह जमीन उनके पिता और दादी के नाम पर है, बावजूद इसके उस पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) से भी लिखित शिकायत की थी। SDO द्वारा निर्माण कार्य रोकने का निर्देश भी दिया गया था, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बिना किसी विधिक दस्तावेज या अनुमति के निर्माण कराया जा रहा है, जो भूमि विवाद और विधि-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न कर सकता है।
अशोक गौड़ ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त भूमि पर तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाया जाए और अवैध निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप नहीं करता है, तो विवाद गंभीर रूप ले सकता है।
इस संबंध में अब तक प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा पुनः जिला प्रशासन और नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा गया है।











