Location: Shree banshidhar nagar
: स्वनिधि महोत्सव में वित्तीय साक्षरता पर जागरूकता सेमिनार आयोजित
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय सभागार में गुरुवार को स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान वित्तीय साक्षरता विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित कर फुटपाथ विक्रेताओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, कार्यपालक पदाधिकारी राज कमल मिश्रा, सेंट्रल बैंक पाल्हे कला के शाखा प्रबंधक सतेंद्र कुमार, सेंट्रल बैंक पुरैनी के शाखा प्रबंधक देवनीश मुर्मू, कैनरा बैंक के शाखा प्रबंधक विकास प्रसाद तथा नगर प्रबंधक प्रमेय मंडिलवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सेमिनार में डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, ऋण सुविधाएं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि वित्तीय साक्षरता आर्थिक सशक्तीकरण की मजबूत नींव है, जिससे आमजन आत्मनिर्भर बन सकते हैं और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और फुटपाथ विक्रेताओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे हजारों परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं से वित्तीय रूप से जागरूक होकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यपालक पदाधिकारी राज कमल मिश्रा ने कहा कि बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन की जानकारी लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ साइबर धोखाधड़ी से भी बचाती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम में सामुदायिक संगठनकर्ता अमित कुमार पांडे, सीआरपी अलका देवी, चमेली देवी, इशरत खातून, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता एवं महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य उपस्थित थीं।
आपसी भाईचारे और अकीदत के साथ निकला मोहर्रम का बड़की चौकी जुलूस
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। मोहर्रम के अवसर पर अनुमंडल मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को बड़की चौकी का जुलूस पूरी अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के माहौल में निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और “या अली-या हुसैन” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
नगर उंटारी, चेचरिया, नरही, बरडीहा, बम्बा, कुशडंड, सोनवर्षा, कधवन, कोइंदी और हुलहुला सहित विभिन्न गांवों में मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जुलूस में मुस्लिम समुदाय के साथ अन्य धर्मों के लोगों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिसने क्षेत्र की सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी संस्कृति की मिसाल पेश की।
इस दौरान युवाओं ने पारंपरिक हथियारों के साथ तलवार, भाला, गड़ासा और लाठी के आकर्षक करतब प्रस्तुत किए। करतबों को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं कर्बला की ऐतिहासिक घटना और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।
मौजूद लोगों ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन का जीवन अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष तथा इंसानियत की रक्षा का प्रतीक है। कर्बला की शहादत आज भी सत्य, न्याय और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
जुलूस में मसउवर अंसारी, उस्मान अंसारी, वकील अहमद, राकिब अनवर, रिजवान अहमद, फिरोज आलम, फिरोज अंसारी, खुर्शीद आलम, इमरान आलम, साजिद रजा, अमीर हसन अंसारी, आफताब आलम, कलाम अंसारी, हैसियत अंसारी, डॉ. सुलेमान अंसारी, हाफिज मनव्वर अंसारी, मौलाना आबिद अंसारी, मकबूल अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे तथा पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की सतत निगरानी बनी रही।
अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर जोर
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) नगर उंटारी में गुरुवार को संकुल साधन सेवियों (सीआरपी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीआरपी श्रीकांत चौबे ने की। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक में बीआरपी श्रीकांत चौबे ने सभी सीआरपी को विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधन समितियों के सहयोग से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
उन्होंने अपार आईडी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यू-डाइस और आधार में दर्ज नामों में त्रुटि होने पर उसका प्रारूप तैयार कर बीआरसी में एमआईएस कोऑर्डिनेटर राजकुमार मेहता के पास जमा कराया जाए, ताकि आवश्यक सुधार कर समय पर सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जा सके।
बैठक में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालयों में अधिक से अधिक पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया गया।
मौके पर लेखपाल प्रदीप शुक्ल, सीआरपी संजय कुमार सिंह, प्रशांत कुमार देव, अजय कुमार, शोभा पांडेय, वीरेंद्र प्रजापति, सुबोध कुमार केशरी, शक्तिदास प्रसाद सिन्हा सहित सभी सीआरपी एवं बीआरसी कर्मी उपस्थित थे।