खबर पलामू से


विश्व आदिवासी दिवस पर जिला प्रशासन ने निकाली प्रभात फेरी
मेदिनीनगर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को पलामू जिला प्रशासन की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रभात फेरी के माध्यम से आम लोगों तक विश्व आदिवासी दिवस के महत्व, आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और पलामू भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के बाद से आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।
उपायुक्त ने प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थियों और कलाकारों की विभिन्न झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान
प्रभात फेरी में संत मरियम स्कूल और ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने झारखंड के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को प्रदर्शित किया।
संत मरियम स्कूल के विद्यार्थियों ने राजा मेदिनी राय, बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर और शिबू सोरेन की भूमिका प्रस्तुत की। बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की वेशभूषा में विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से झारखंड के इतिहास और आदिवासी समाज के संघर्ष एवं योगदान को प्रस्तुत किया।
प्रभात फेरी से पहले नृत्य निर्देशक सुजीत कुमार के निर्देशन में संत मरियम स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संत मरियम स्कूल के कला निर्देशक कामरूप सिन्हा, राज प्रतीक पाल और ग्रीन वैली स्कूल के कला शिक्षक संजीत प्रजापति का योगदान रहा।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, डीसीएलआर प्यारे लाल, एपीआरओ अजीत कुमार, शिक्षाविद अविनाश देव, पंडित प्रदीप नारायण, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, कार्यक्रम संयोजक सैकत चट्टोपाध्याय सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद थे।
विश्व आदिवासी दिवस पर टाउन हॉल में सजी आदिवासी संस्कृति की रंगारंग तस्वीर
मेदिनीनगर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन की ओर से मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में विश्व आदिवासी दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया। स्टॉलों में आदिवासी संस्कृति, कला, परंपरा, जनजातीय जीवन, पारंपरिक उत्पाद और विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।
उपायुक्त ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली हमारी समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। प्रकृति के साथ सामंजस्य, जल-जंगल-जमीन के प्रति संवेदनशीलता, सामुदायिक सहयोग और परंपराओं के संरक्षण की भावना आदिवासी समाज की विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज के इतिहास, कला-संस्कृति और योगदान को जानने-समझने का अवसर प्रदान करता है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।
9 आदिवासी बच्चे सम्मानित
कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, कला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ आदिवासी बच्चों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनातू के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने आधुनिक दौर में आदिवासी बच्चों के जीवन पर आधारित प्रस्तुति दी।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने ‘धरती के मूल निवासी, देश की शान आदिवासी’ गीत प्रस्तुत किया। नीलांबर-पीतांबर के जीवन और संघर्ष पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा आदिवासी लोकनृत्य, नागपुरी नृत्य और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से संबंधित ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित की गईं।
मौके पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी, कलाकार और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
खबर पलामू से


आमरण अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांति से मिलीं भाजपा नेत्री स्मिता आनंद
मेदिनीनगर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री स्मिता आनंद ने रविवार को रांची स्थित सदर अस्पताल पहुंचकर आमरण अनशन पर बैठे पलामू के छात्र राहुल क्रांति से मुलाकात की। राहुल क्रांति JSSC और JPSC में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे हैं।
स्मिता आनंद ने अस्पताल में चिकित्सकों से राहुल क्रांति के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंबे समय से आमरण अनशन पर रहने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बताई गई।
स्मिता आनंद ने राहुल क्रांति के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि छात्रों के हित और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से जुड़ी उनकी मांग गंभीर है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने चिकित्सकों से राहुल क्रांति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
स्मिता आनंद ने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाने वालों की मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।


बाबा गणिनाथ जयंती की तैयारी शुरू, 15 अगस्त को नई कमेटी का होगा गठन
मेदिनीनगर। अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा (हलवाई समाज), पलामू जिला इकाई की बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ की 42वीं जयंती इस वर्ष भी भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जयंती महोत्सव की तैयारी और पूजा का समय निर्धारित करने के लिए अगली बैठक 15 अगस्त को दोपहर तीन बजे आढ़त रोड स्थित होटल रिलैक्स इन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसी बैठक में महोत्सव के संचालन के लिए नई कमेटी का चुनाव एवं गठन किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने पलामू जिले के स्वजातीय बंधुओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का किया गया सम्मान
बैठक के दौरान अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोहर कुमार लाली का समाज की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया गया। सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में शोकसभा आयोजित की गई। लगातार दो वर्षों तक जिलाध्यक्ष रहे दिवंगत पूर्व जिलाध्यक्ष विशाल कुमार सहित इस वर्ष दिवंगत हुए अन्य समाज के सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता विनय कुमार बिनु, जिला कोषाध्यक्ष शशिकांत गुप्ता, जिला प्रवक्ता महेंद्र जी, पूजा कमेटी कोषाध्यक्ष रंजन जी, सह कोषाध्यक्ष पप्पू, अनिल, सुनील, राजकुमार गुप्ता, मुन्ना, विजय गुप्ता, मनोहर, रिशु, मृत्युंजय, विकास सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

आपकी राय महत्वपूर्ण है!

इस समाचार पर आपकी क्या राय है? कृपया हमारे लेख को लाइक या डिसलाइक बटन से रेट करें और अपनी प्रतिक्रिया कमेंट सेक्शन में साझा करें। आपके विचार और सुझाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और हमें बेहतर सेवा देने में मदद करेंगे। धन्यवाद!

  • Vivekanand Upadhyay

    Location: Garhwa Vivekanand Updhyay is the Chief editor in AapKiKhabar news channel operating from Garhwa.

    📢 आवश्यकता है (WANTED)
    “आपकी खबर” न्यूज़ पोर्टल एवं YouTube चैनल, गढ़वा के लिए एक मल्टीमीडिया टेक्निकल जर्नलिस्ट की आवश्यकता है।
    योग्यता: ✅ वीडियो शूटिंग (मोबाइल/कैमरा) ✅ वीडियो एडिटिंग ✅ YouTube अपलोड एवं Thumbnail ✅ WordPress वेबसाइट अपडेट ✅ Facebook, Instagram, WhatsApp एवं सोशल मीडिया संचालन ✅ Live Streaming का सामान्य ज्ञान ✅ ईमानदार, मेहनती एवं सीखने की इच्छा रखने वाला
    कार्यस्थल: गढ़वा जिला मुख्यालय
    मानदेय: योग्यता एवं अनुभव के अनुसार।
    विशेष जानकारी / संपर्क: 📞 7739267362

    Reactions about this news

    News You may have Missed

    कांडी में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला प्रोत्साहन

    कांडी में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला प्रोत्साहन

    मेरौनी सोन नदी में मिला युवती का शव, खुशबू कुमारी होने की आशंका

    झामुमो नेता दीपक प्रताप देव ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा, आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

    झामुमो नेता दीपक प्रताप देव ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा, आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

    स्वतंत्रता सेनानियों पर प्रश्नोत्तरी में टॉप ट्वेंटी विजयी

    स्वतंत्रता सेनानियों पर प्रश्नोत्तरी में टॉप ट्वेंटी विजयी

    30 अगस्त तक जी राम जी योजना शुरू कर मजदूरों को रोजगार दें : रामचन्द्र केशरी

    30 अगस्त तक जी राम जी योजना शुरू कर मजदूरों को रोजगार दें : रामचन्द्र केशरी

    प्रशासनिक महकमे में दिनभर चली बैठकों में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

    प्रशासनिक महकमे में दिनभर चली बैठकों में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश
    error: Content is protected !!