Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा), प्रतिनिधि। भारत सरकार की पहल ‘कैच द रेन-2026’ अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत मझिआंव में वर्षा जल संचयन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से हुई, जिसमें नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 12 वार्डों में वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर पंचायतवासियों से अपने-अपने घरों की छतों से गिरने वाले वर्षा जल का संग्रह एवं संचयन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्षा जल का संरक्षण करने से भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा भविष्य में जल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकेगी। साथ ही लोगों को वर्षा जल संचयन एवं ग्राउंड वाटर रिचार्ज के विभिन्न तरीकों की भी जानकारी दी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि बैठक के अलावा सभी वार्डों में जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग वर्षा जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर इसे अपने जीवन में अपनाएं।
बैठक के बाद अध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बैनर-पोस्टर के साथ नगर पंचायत कार्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, सिटी मैनेजर जितेश कुमार, राकेश पाठक, सफाई प्रभारी राकेश श्रीवास्तव, सहायक अनुप कुमार तिवारी, नाजिर अमित पाठक, विकास सिंह, वार्ड जमादार संत कुमार चंद्रवंशी, ऑपरेटर वीरेंद्र चौधरी, वार्ड पार्षद सहित नगर पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।











