Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर (गढ़वा): प्रखंड के अरसली उत्तरी पंचायत भवन से लेकर नंदू राम के घर तक निर्माणाधीन सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मानसून की बारिश ने स्थिति को और बदतर कर दिया है, जिससे यह पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। इससे न केवल आम राहगीरों को, बल्कि वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इसको लेकर भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों जयराम पासवान, अरुण गुप्ता, उमेश चंद्रवंशी, रामकेश प्रजापति, गुलाम अंसारी, अजय प्रजापति, सुदर्शन प्रजापति और संजय प्रजापति ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य को न केवल धीमी गति से किया जा रहा है, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता भी बेहद खराब है। उनका कहना है कि सड़क पर बिछाई गई मिट्टी और अधूरे कार्य के चलते पूरी सड़क कीचड़युक्त हो गई है, जिससे दैनिक आवागमन ठप-सा हो गया है।
स्थानीय अरसली मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष जावेद अंसारी ने बताया कि मुहर्रम का पर्व करीब है और ताजिया जुलूस इसी मार्ग से निकलता है। लेकिन सड़क कीचड़ से लथपथ है, जिससे धार्मिक आयोजन पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब इस मार्ग को समतल और कीचड़मुक्त कराया जाए ताकि पर्व शांति और सम्मान के साथ संपन्न हो सके।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य की गति शुरू से ही बेहद धीमी रही है, जिससे वर्षा के बीच अधूरा कार्य अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है।
इस संबंध में जब संवेदक अनिल सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य दो माह पूर्व प्रारंभ कर दिया गया था। लेकिन स्थानीय झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ताओं द्वारा बीच में जबरन कार्य बंद करवा दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्य का शिलान्यास पूर्व में ही भवनाथपुर के तत्कालीन विधायक भानु प्रताप शाही के कार्यकाल में हो चुका था, लेकिन कुछ लोग दुबारा शिलान्यास करवाने के नाम पर निर्माण में बाधा डाल रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण को पूरा कर इस मार्ग को सामान्य आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि आमजन और धार्मिक आयोजनों को राहत मिल सके।












