Location: कांडी
कांडी। प्रखण्ड क्षेत्र के शोणभद्र आदर्श इंटर महाविद्यालय प्रांगण में शनिवार को बाबा गणिनाथ गोविंद जयंती समारोह का चौथा आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में न सिर्फ कांडी बल्कि आसपास के प्रखंडों से भी मधेशिया हलवाई समाज के लोग भारी संख्या में पहुंचे। सभी ने संत गणिनाथ की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे, बैनर और झंडों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल से शुरू होकर कांडी बाजार, डूमरसोता चौक होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। शोभायात्रा में शामिल लोग पूरे उत्साह के साथ “संत गणिनाथ” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
समारोह के दौरान मधेशिया हलवाई समाज कांडी समिति ने बाहर से आए अतिथियों और गणमान्य लोगों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और संत गणिनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। मंचासीन वक्ताओं ने समाज की एकजुटता पर बल दिया और कहा कि बिना एकता के समाज प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने नई दिशा तय कर समाज को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि बाबा गणिनाथ गोविंद जयंती समारोह हर वर्ष इसी स्थान पर और भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अशोक प्रसाद, राजेश प्रसाद, रामनाथ प्रसाद, सोहर प्रसाद, बाबूलाल प्रसाद, नंदू प्रसाद, रामलखन प्रसाद, गरीब साह, राजा राम साह, पंकज कुमार, विजय कुमार, संतोष कुमार, सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











