Location: कांडी
कांडी (गढ़वा)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर सोमवार को कांडी प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रखंड कार्यालय, सभी 16 पंचायत सचिवालयों, सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में इस अवसर पर विशेष आयोजन हुए।
प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में आम बागवानी के लाभुक, बागवानी सखी, कूप निर्माण लाभुक, मनरेगा मजदूर तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले मनरेगा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा बीपीओ सोनू कुमार ने झारखंड राज्य के गठन, उसके विस्तार और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकासात्मक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदाओं और मेहनतकश लोगों की बदौलत निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।
इधर, प्रखंड के सभी पंचायत सचिवालयों से मुखिया की अध्यक्षता में प्रभात फेरी निकाली गई, जो पंचायत मुख्यालय के विभिन्न गलियों से होते हुए वापस कार्यालय परिसर में संपन्न हुई।
कांडी पंचायत कार्यालय में मुखिया विजय राम की अध्यक्षता में ग्राम सभा का भी आयोजन हुआ, जिसमें मनरेगा मजदूरों के बीच जॉब कार्ड का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख नारायण यादव, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सोनू कुमार, धीरज कुमार पांडे, मुखिया विजय राम, सोनी देवी, पुरुषोत्तम कुमार रवि, आरती सिंह, पूजा कुमारी, शशि कुमारी, कौशल्या देवी, पंचायत सचिव एवं अन्य मनरेगा कर्मी उपस्थित थे।












